रायसेन के बेगमगंज में महंगाई के विरुद्ध कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायसेन जिले के बेगमगंज बस स्टैंड पर आज कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पूर्व प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह तोमर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। प्रदर्शन के दौरान हाथ ठेले पर मोटरसाइकिल और गैस सिलेंडर रखकर महंगाई के खिलाफ सांकेतिक विरोध किया गया। इसके बाद राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।
कांग्रेस का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में खाने का तेल, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरत की चीजें लगातार महंगी होती जा रही हैं। उनका कहना है कि सबसे ज्यादा असर आम आदमी और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है, जबकि महिलाओं का रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार बहनों के लिए आर्थिक सहायता की बात करती है, तो दूसरी तरफ स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों से लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उनका कहना है कि जनता राहत चाहती है, लेकिन महंगाई से परेशान है।
कांग्रेस ने मांग की है कि पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम कम किए जाएं और आम लोगों को बढ़ती महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।