राज्य

रायसेन- जिले की 39 हजार से अधिक महिलाएं, अब नए आर्थिक आयामों से जुड़ेंगी

लेखक: AIR Bhopal अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

जिले को 38,668 महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य दिया गया था, जिसके लक्ष्य के मुकाबले 39,258 महिलाओं को इस श्रेणी में शामिल कर आत्मनिर्भर बनाया जा चुका है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद अब इन सभी लखपति दीदियों की आय को और अधिक सुदृढ़ व स्थायी बनाने के लिए विविध आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की तैयारी तेज कर दी गई है।

इसके तहत महिलाओं को उन्नत कृषि, पशुपालन और बागवानी के साथ-साथ गैर-कृषि क्षेत्रों जैसे खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प, लघु उद्यम और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा। इस कार्ययोजना को गति देने के लिए केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की विशेष टीम जल्द ही रायसेन जिले के दौरे पर आ रही है।

यह टीम जमीनी स्तर पर गतिविधियों का जायजा लेगी और महिलाओं को नए व्यावसायिक अवसरों, बेहतर बाजार लिंकेज और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने में मदद करेगी। प्रशासन की इस सक्रिय पहल से न केवल ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी, बल्कि जिले के समग्र विकास को भी नई ऊर्जा मिलेगी।

A
AIR Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।