रायसेन: मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत गैरतगंज में विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी और कलेक्टर ने व्यापारियों से किया संवाद

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत रायसेन जिले की गैरतगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत देवनगर स्थित तहसील कार्यालय में सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी तथा कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा देवनगर, बम्होरी और सांकल क्षेत्र के व्यापारियों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान विधायक और कलेक्टर ने व्यापारियों से क्षेत्र में व्यापार को तेजी से बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही, सभी व्यापारियों से शासन के व्यापारिक एवं श्रम नियमों का पूरी ईमानदारी से पालन करने का आग्रह किया गया।
संवाद सत्र के दौरान व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और कठिनाइयों से प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया।
उन्होंने मुख्य रूप से देवनगर से साढ़े बारह गांव तक सड़क मार्ग के अत्यधिक खराब होने के कारण आ रही परेशानियों का मुद्दा उठाया और बताया कि वन विभाग से आवश्यक स्वीकृति न मिलने के कारण इस मार्ग का निर्माण कार्य रुका हुआ है।
इस पर विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इस समस्या का शीघ्र समाधान निकालने के कड़े निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, व्यापारियों ने बैंकों की शाखाओं व एटीएम में अक्सर नकदी की कमी होने, नेटवर्क की समस्या, ग्रामीण व शहरी संपर्क मार्गों की मरम्मत कराने, सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश की समस्या के स्थायी समाधान हेतु गोशाला का निर्माण करने और क्षेत्र में इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने जैसी अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
इन सभी बिंदुओं पर अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा कर उनके त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के अंत में तहसील कार्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी सहित अन्य सभी प्रमुख जिला अधिकारी और विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।