रायसेन- सांदीपनि स्कूल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, सरकारी स्कूलों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनका सदैव यह संकल्प रहा है कि सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निजी विद्यालयों की तरह आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। सांदीपनि स्कूल का सर्वसुविधायुक्त भवन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बेहतर सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री चौहान रायसेन स्थित गर्ल्स कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना की जानकारी छात्राओं को दी। उन्होंने छात्राओं को योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया और छात्रवृत्ति के आवेदन फार्म भरवाने की प्रक्रिया की जानकारी भी ली। वही
केंद्रीय मंत्री पॉलिटेक्निक कॉलेज भी पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। इन कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।