देश

रायसेन : टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन तथा शासकीय योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए गए दिशा-निर्देश

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 17 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
रायसेन : टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन तथा शासकीय योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए गए दिशा-निर्देश

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में गंभीरता दिखाएं अधिकारी- कलेक्टर श्री विश्वकर्मा

टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन तथा शासकीय योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए गए दिशा-निर्देश

रायसेन : कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा विभागवार सीएम हेल्पलाईन शिकायतों, विभागों की योजनाओं की प्रगति तथा कार्यो की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सीएम हेल्पलाईन शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व विभाग, महिला बाल विकास, पीएचई, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों की सीएम हेल्पलाईन निराकरण की विभागवार और अधिकारीवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि केवल औपचारिक जवाब दर्ज करने के बजाय समस्या का वास्तविक समाधान हो। उन्होंने अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से इसकी निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने राजस्व विभाग अंतर्गत विगत 01 जुलाई 2026 से अभी तक की स्थिति में 50 दिवस की समयावधि की लंबित शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कहा कि तहसील बरेली, उदयपुरा, देवरी, गौहरगंज तथा बाड़ी तहसील में शिकायतों के निराकरण की स्थिति ठीक नहीं है। तहसीलदार सीएम हेल्पलाईन शिकायतों को गंभीरता से लें और अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए आगामी दो दिवस में अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री का कार्य भी शीघ्र पूर्ण करो के निर्देश सभी तहसीलदारों को दिए। कलेक्टर श्री विश्वकमा्र ने नॉन अटेन्डेन्ट सीएम हेल्पलाईन की विभागवार जानकारी लेते हएु कृषि विभाग की डीडीए लेवल से शिकायतें लेवल जम्प होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए डीडीए श्री केपी भगत से कहा कि सीएम हेल्पलाईन जबाव दर्ज किए बिना लेवल जम्प होना गंभीर लापरवाही है। इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं होगी, भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति ना हो। उन्होंने राजस्व विभाग, ऊर्जा, नगरीय निकाय, उच्च शिक्षा, राजस्व सहित अन्य विभागों की शिकायतें लेवल जम्प होने पर भी संबंधितों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग में सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण में बेहतर कार्य होने पर सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री तथा सिविल सर्जन डॉ अनिल ओढ की सराहना की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन शिकायतों के निराकरण की नियमित मॉनीटरिंग की जाए तथा शिकायतकर्ता से चर्चा कर वस्तुस्थिति भी जानें। बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आगामी शुक्रवार को बेगमगंज विकासखण्ड में शिविर आयोजन की चर्चा करते हुए लंबित सीएम हेल्पलाईन, लोक सेवा गारंटी तथा राजस्व प्रकरणों सहित आमजन के लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश एसडीएम बेगमगंज, जनपद सीईओ बेगमगंज तथा अन्य अधिकारियों को दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण, आवासीय पट्टा, समग्र सीडिंग, स्वरोजगार योजनाओं सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने, लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है, इसलिए मैदानी स्तर के अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर्स तथा जिला अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखण्डों से एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ सहित विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।