रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता, 9 रेलकर्मी सम्मानित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में संरक्षा और कार्य समीक्षा बैठक में सुरक्षित रेल संचालन व यात्री सुविधाओं पर मंथन हुआ। महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने त्योहारों को लेकर विशेष तैयारियों के निर्देश दिए और उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 रेलकर्मियों को पुरस्कृत किया। जयपुर, 1 सितम्बर।
उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय पर मंगलवार, 1 सितंबर 2026 को संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। महाप्रबंधक पंकज शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षित रेल संचालन, यात्री सुविधाओं, आगामी त्योहारों की तैयारियों और रेलवे के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी विभागाध्यक्षों के साथ चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए।
अधिकारियों ने संरक्षा, यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता, इंफ्रास्ट्रक्चर, निर्माण कार्य, पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक की फेसिंग और आय बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने अधिकारियों को सुरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आपसी समन्वय और सामंजस्य के साथ निर्धारित लक्ष्य के अनुसार समय पर पूरा किया जाए। निर्माण परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं के कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में ट्रेन सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कवच से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। महाप्रबंधक ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्यों को गति देने और सभी स्तरों पर सतर्कता एवं सजगता के साथ काम करने की बात कही।
आगामी त्योहारों को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर विशेष तैयारियों के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त यात्री भीड़ के प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और ट्रेनों के सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक अतिरिक्त व्यवस्थाएं करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। महाप्रबंधक ने सभी विभागाध्यक्षों को नियमित निरीक्षण करने और अधीनस्थ कर्मचारियों की समय-समय पर काउंसलिंग करने के साथ संरक्षा अभियान चलाने के निर्देश दिए।
सुरक्षित रेल संचालन के लिए रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और नियमित पेट्रोलिंग के साथ विद्युत एवं सिग्नल उपकरणों की निगरानी और समुचित रखरखाव पर भी जोर दिया गया। बैठक के दौरान संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 रेलकर्मियों को पुरस्कृत किया गया।
महाप्रबंधक ने कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए अन्य रेलकर्मियों को भी संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी और सजगता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक के अंत में महाप्रबंधक ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने मुख्यालय स्तर पर अनुमोदित होने वाले कार्यों के निष्पादन में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।