रेल यात्रियों के लिए बदले नियम
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
1 अक्टूबर से रेल यात्रा को लेकर नए बदलाव लागू हुए हैं। यात्रियों को यात्रा के दौरान पहचान पत्र साथ रखना होगा, जबकि डिजिटल आईडी भी मान्य रहेगी; फेस्टिवल सीजन में नई ट्रेनों के संचालन की तैयारी भी की गई है।
जयपुर, 1 अक्टूबर। 1 अक्टूबर से रेल यात्रियों के लिए यात्रा से जुड़े कुछ बदलाव लागू किए गए हैं। यात्रा के दौरान यात्रियों को अपना पहचान पत्र साथ रखने की सलाह दी गई है। रेलवे के अनुसार पहचान सत्यापन के लिए डिजिटल पहचान पत्र का उपयोग भी किया जा सकता है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि रेलवे की ओर से समय-समय पर अलग-अलग अभियान चलाए जाते हैं। यात्रियों को यात्रा के दौरान अपनी पहचान से संबंधित दस्तावेज साथ रखने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल पहचान पत्र भी मान्य रहेगा, ऐसे में यात्री डिजिटल माध्यम से उपलब्ध पहचान पत्र के साथ भी यात्रा कर सकते हैं।
वहीं, आगामी फेस्टिवल सीजन को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की तैयारियां की गई हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ को देखते हुए कई जोड़ी नई ट्रेनों के संचालन की योजना तैयार की जा रही है।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना और बढ़ती यात्री संख्या के अनुरूप ट्रेनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन और पहचान संबंधी जरूरी जानकारी की पुष्टि करने की अपील की गई है।