अपराध

रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की जांच तेज

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 4 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की जांच तेज

श्रीगंगानगर के 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर हुए संदिग्ध विस्फोट की जांच में कई एजेंसियां जुटी हैं। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद आठ ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत की तैयारी की जा रही है।

श्रीगंगानगर, 4 नवंबर। श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुए संदिग्ध विस्फोट की जांच तेज कर दी गई है। 50 जीबी गांव के पास रेलवे पटरी पर हुए धमाके के बाद पुलिस, रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ATS, CID, NIA और IB सहित कई एजेंसियां अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही हैं।

घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड, MOB और FSL की टीमें भी पहुंचीं, जिन्होंने साक्ष्य जुटाने के लिए सैंपलिंग की। वहीं, सुरक्षा और मरम्मत कार्य को देखते हुए अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर चलने वाली आठ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रेलवे की ओर से क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत की तैयारी भी की जा रही है।

श्रीगंगानगर जिले के 50 जीबी गांव के पास बीती रात रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाके की घटना सामने आई थी। धमाके से रेलवे पटरी के नीचे बने सीमेंट के दो पिलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटनास्थल पर करीब दो फीट गहरा गड्ढा भी बन गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए RPF के आईजी ज्योति असीजा ने घटना का जायजा लिया वही अलग-अलग जांच एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आसपास के क्षेत्र में भी जांच शुरू की गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट किस तरह का था और इसके पीछे क्या कारण रहे।

घटनास्थल पर जांच के लिए डॉग स्क्वॉड, MOB यानी मोबाइल ऑपरेशन ब्यूरो और FSL यानी विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीमें भी पहुंचीं। इन टीमों ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने के लिए सैंपलिंग की। जांच एजेंसियां घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को महत्वपूर्ण मानते हुए उनका परीक्षण कर रही हैं। इसके साथ ही करीब तीन से चार किलोमीटर रेलवे ट्रैक की बारीकी से जांच की जा रही है।

जांच का दायरा केवल उस स्थान तक सीमित नहीं रखा गया है, जहां धमाका हुआ था, बल्कि आसपास के ट्रैक और क्षेत्र का भी निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकें। जांच एजेंसियां आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटा रही हैं। इसके लिए ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। घटना के समय क्षेत्र में किसी संदिग्ध गतिविधि या आवाजाही की जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

मौके पर पुलिस, ATS, CID, NIA, IB और रेलवे के अधिकारी मौजूद हैं। सभी एजेंसियां अपने-अपने स्तर पर जांच कर रही हैं। फिलहाल जांच का मुख्य उद्देश्य विस्फोट की प्रकृति, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और घटना से जुड़े संभावित कारणों का पता लगाना है। जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस घटना का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। सुरक्षा और रेलवे ट्रैक की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर संचालित होने वाली आठ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इससे इस मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, रेलवे की ओर से क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

रेलवे अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर ट्रैक को हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं। मरम्मत और तकनीकी जांच के बाद ही इस रेल मार्ग पर यातायात सामान्य करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।

श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ सूरतगढ़ ट्रैक पर हुए ब्लास्ट को लेकर उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने कहा कि आरपीएफ की टीम और रेलवे के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। ब्लास्ट के कारण रेलवे ट्रैक डेमेज हुआ है। पुलिस के अलावा एटीएस के अधिकारी भी जांच कर रहे हैं।

होल्ड बाईट- अमित सुदर्शन, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर-पश्चिम रेलवे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।