रिमझिम बारिश के बीच बैजाताल पर जले आशीर्वाद के दीये, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर जिलेभर में हुआ दीप प्रज्ज्वलन देखें वीडियो
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
वरिष्ठ पत्रकार नीरज वर्मा की रिपोर्ट
ग्वालियर। सेवा-संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार की शाम ग्वालियर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ऐतिहासिक बैजाताल सहित जिले के विभिन्न नदी-तालाब घाटों, गांवों और कस्बों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
जिला मुख्यालय पर बैजाताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिमझिम बारिश के बीच जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों और नागरिकों ने दीप जलाए। सांसद भारत सिंह कुशवाह, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, नगर निगम परिषद में नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह घुरैया और जीडीए उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित किए।
कलेक्टर रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत सहित अधिकारियों एवं सेवाभावी नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। दीप प्रज्ज्वलन के साथ उपस्थित लोगों ने सेवा, सहयोग और जरूरतमंद वर्गों के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुतियों और दीपों की रोशनी से बैजाताल का वातावरण उत्सवमय नजर आया।
जिले के नगरीय क्षेत्रों में भी नागरिकों ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सहभागिता की। डबरा के सभी वार्डों के साथ सिंध नदी घाट स्थित भगवान शंकर महादेव मंदिर, पिछोर, बिलौआ, आंतरी और मोहना में पार्वती नदी घाट तथा भितरवार के दिहादाह घाट पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
इसी तरह जनपद पंचायत मुरार के बेसली नदी सिरसौद, घाटीगांव के चौरसिया तालाब बरई, डबरा के मकोड़ा तालाब और भितरवार में धूमेश्वर महादेव मंदिर के समीप नदी घाट पर भी दीप जलाए गए। जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने भी दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता की।
शाम ढलने के साथ नदी और तालाबों के घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों ने अपने घरों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, सामाजिक सहभागिता और जरूरतमंदों के प्रति संवेदना का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।