ऋषि पंचमी जातर मेला बंगापानी में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, बंगापानी में 15-16 सितंबर को सजेगा देव मिलन का भव्य उत्सव
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अगस्त 14, शिमला (हिमाचल प्रदेश): तत्कालीन क्योंथल रियासत क्षेत्र के कलौहर नाग मंदिर, बंगापानी में ऋषि पंचमी जातर मेला 15 और 16 सितंबर को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। मेले को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है और करीब 12 पंचायतों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
मेला समिति के अध्यक्ष एवं बजीर सीता राम शर्मा तथा सुरेश वर्मा ने बताया कि मेले के पहले दिन 15 सितंबर को जैईश्वरी काली माता दलेंया और कलौहर नाग देवता ग्रेंज का विशेष आगमन होगा। इस दौरान रात्रि में दोनों देवी-देवताओं की परंपरागत विधि-विधान के अनुसार पूजा-अर्चना की जाएगी। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को मुख्य मेले का आयोजन होगा।
इस अवसर पर क्षेत्र के लोग माता जैईश्वरी और कलौहर नाग देवता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। मेले में महिलाओं के लिए रस्साकस्सी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11 हजार रुपये तथा द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेले को और आकर्षक बनाने के लिए राज्य के प्रसिद्ध लोक गायकों को भी आमंत्रित किया गया है। लोक कलाकार हन्नी नेगी, भारती शर्मा, डॉ. मनोज गंधर्व, रेश्मा पंडया, दीक्षिता ब्रागटा और सुरेश शर्मा अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। सीता राम शर्मा ने बताया कि 16 सितंबर को प्रातः 11:00 बजे हिमाचल प्रदेश विपणन बोर्ड के सलाहकार नरेन्द्र ठाकुर मेले का शुभारंभ करेंगे।
वहीं, समापन अवसर पर राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दीपक राठौर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। सुरेश वर्मा ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए लंगर की भी व्यवस्था रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर देव आशीर्वाद प्राप्त करने और मेले की परंपरा को सुदृढ़ बनाने का आग्रह किया ।