देश

रीवा: भारी बारिश से उत्पन्न जलभराव का कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
रीवा: भारी बारिश से उत्पन्न जलभराव का कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

रीवा शहर में लगातार दो घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने शहर के विभिन्न वार्डों का औचक भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन, एसडीएम अनुराग तिवारी और तहसीलदार अनुपम पाण्डेय भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

कलेक्टर ने सबसे पहले वार्ड क्रमांक 2 में रेलवे लाइन के पास हुए जलभराव का बारीकी से अवलोकन किया। वहां प्रभावित लोगों से चर्चा करते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि पानी की समुचित निकासी के लिए रेलवे प्रशासन को सख्त निर्देश दे दिए गए हैं और रेलवे द्वारा इस पर शीघ्र ही कार्य आरंभ किया जाएगा।

साथ ही, उन्होंने नगर निगम आयुक्त को नालियों की तुरंत सफाई करवाकर जल निकासी के स्थायी और पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात, कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 15 और रीवा में गणेश नेत्र चिकित्सालय के पास जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

मौके पर मौजूद नगर निगम आयुक्त ने जानकारी दी कि लोक निर्माण विभाग द्वारा चार प्रमुख स्थानों पर मॉडल रोड से पानी की निकासी के लिए पुलिया निर्माण कार्यों का टेंडर जारी किया जा चुका है, और बारिश कम होते ही युद्ध स्तर पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन-जिन स्थानों पर अवैध निर्माण या अतिक्रमण के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां नगर निगम तुरंत सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाए।

उन्होंने जलभराव से पीड़ित नागरिकों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि मौसम साफ होते ही पानी की निकासी की मुकम्मल व्यवस्था कर दी जाएगी, जिसके लिए नगर निगम पूरी तरह तैयार है।

इसके अलावा, बारिश और जलभराव से नागरिकों को हुई संपत्ति व अन्य हानियों का सर्वे कराया जा रहा है, और सभी पीड़ितों को नियमानुसार उचित राहत राशि प्रदान की जाएगी।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।