राज्य

रीवा को मिलेगी वर्ल्ड क्लास हेल्थ फैसिलिटी - उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल, मेडिकल कॉलेज में नव निर्मित अकादमिक ब्लॉक की व्यवस्थाओं का उप मुख्यमंत्री ने लिया जायज़ा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
रीवा को मिलेगी वर्ल्ड क्लास हेल्थ फैसिलिटी - उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल, मेडिकल कॉलेज में नव निर्मित अकादमिक ब्लॉक की व्यवस्थाओं का उप मुख्यमंत्री ने लिया जायज़ा

भोपाल 27 अगस्त 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने श्याम शाह मेडिकल कॉलेज रीवा का दौरा कर 200 नवीन एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया का जायजा लिया तथा नव-निर्मित अकादमिक ब्लॉक की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को नव प्रवेशित छात्रों और फैकल्टी के लिए सारी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने रीवा के चिकित्सा तंत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने और विंध्य क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा केंद्र बनाने की बात कही।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि यह रीवा के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है, पहले यह केवल 60 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज था, जिसे बढ़ाकर 100, फिर 150 और अब इस वर्ष से 200 एमबीबीएस सीटें कर दी गई हैं।

नई बिल्डिंग बनकर तैयार है और 200 नए छात्रों व फैकल्टी के लिए लाइब्रेरी, लैब तथा हॉस्टल की विश्वस्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

अकादमिक ब्लॉक का निरीक्षण करते उपमुख्यमंत्री
अकादमिक ब्लॉक का निरीक्षण करते उपमुख्यमंत्री

रीवा में जल्द मिलेगी टाटा कैंसर अस्पताल मुंबई जैसी सुविधाएं - उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में वर्ल्ड क्लास हेल्थ फैसिलिटी दिलाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

पुराने जर्जर गायनी अस्पताल की जगह अब 750 बेड की अत्याधुनिक मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल की नई बिल्डिंग तैयार की जा रही है। 100 करोड़ की लागत से नवीन कैंसर ब्लॉक बनाया जा रहा है, जो मुंबई के प्रसिद्ध टाटा कैंसर अस्पताल की तर्ज पर लीनियर एक्सीलेटर, ब्रेकी थेरेपी और पेट-सिटी जैसी अत्याधुनिक कैंसर इलाज मशीनें लगाई जा रही हैं।

उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि रीवा मेडिकल कॉलेज में अब डॉक्टरों की पुरानी खंडर कॉलोनियों को हटाकर नए यूजी और पीजी हॉस्टल्स का निर्माण लगातार जारी है।

एयर कनेक्टिविटी से रीवा बना नेशनल कॉन्फ्रेंस का हॉटस्पॉट - आगामी 6 एवं 7 फरवरी 2027 को रीवा में आयोजित होने वाली 'एमपीएएसआई चैप्टर' की नेशनल कॉन्फ्रेंस पर खुशी जताते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में हवाई सेवाएं शुरू होने से अब दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता, इंदौर और भोपाल जैसे महानगरों से विशेषज्ञों का रीवा आना बेहद आसान हो गया है।

उन्होंने कहा कि देश भर से आने वाले डॉक्टर रीवा में मेडिकल कॉन्फ्रेंस के साथ-साथ मुकुंदपुर की व्हाइट टाइगर सफारी और पूर्वा वाटरफॉल जैसे पर्यटन स्थलों का भी आनंद लेंगे, जिससे विंध्य क्षेत्र के गौरव और प्रचार-प्रसार में बढ़ोतरी होगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।