भोपाल

रीवा में रामसिया त्रिपाठी स्मृति समारोह, पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर को सारस्वत सम्मान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
रीवा में रामसिया त्रिपाठी स्मृति समारोह, पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर को सारस्वत सम्मान

रीवा। रामसिया त्रिपाठी स्मृति व्याख्यानमाला एवं सम्मान समारोह 2026 का आयोजन माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय परिसर, रीवा में किया गया। समारोह में पत्रकारिता, साहित्य और मीडिया जगत से जुड़े लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भोपाल स्थित माधवराव सप्रे संग्रहालय के संस्थापक एवं निदेशक पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर को ‘रामसिया त्रिपाठी स्मृति सारस्वत सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद पद्मश्री विजयदत्त श्रीधर ने ‘भारत, भारतीयता और भारत माता’ विषय पर सारस्वत व्याख्यान दिया। उन्होंने भारतीय समाज, संस्कृति और राष्ट्रबोध से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। समारोह में वरिष्ठ लेखक, पत्रकार और मीडियाकर्मी राजेश बादल ने ‘मीडिया की सापेक्षता’ विषय पर संबोधन दिया।

वरिष्ठ पत्रकार जयराम शुक्ल ने विषय प्रवेश कराया, जबकि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. चंद्रिका प्रसाद चंद्र ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर पत्रकारिता के दो सौ वर्षों के इतिहास पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों, पत्रकारों, प्रबुद्ध नागरिकों और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

आयोजक योगेश त्रिपाठी सहित कार्यक्रम से जुड़े अन्य लोगों ने समारोह को पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक विमर्श से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में रेखांकित किया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।