राज्य

रीवा सेंट्रल जेल में रक्षाबंधन की खास तस्वीर, 6,419 परिजनों ने बंदियों से की मुलाकात; बहनों ने बांधी राखी

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
रीवा सेंट्रल जेल में रक्षाबंधन की खास तस्वीर, 6,419 परिजनों ने बंदियों से की मुलाकात; बहनों ने बांधी राखी

रीवा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर केंद्रीय जेल रीवा में भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक तस्वीर देखने को मिली। मध्यप्रदेश शासन जेल विभाग के निर्देशानुसार जेल प्रशासन ने बंदी भाइयों को बहनों से राखी बंधवाने और परिजनों से मुलाकात कराने के लिए विशेष इंतजाम किए।

विशेष मुलाकात के लिए पंजीयन प्रक्रिया सुबह 7:30 बजे शुरू हुई, जो दोपहर 3:30 बजे तक चली। मुलाकात की व्यवस्था को सरल और व्यवस्थित बनाने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। नाम दर्ज कराने के बाद बहनों और परिजनों को टोकन जारी कर जेल परिसर में प्रवेश दिया गया।

बहनों के साथ 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को भी प्रवेश की अनुमति दी गई। जेल प्रशासन की ओर से बहनों के लिए अक्षत, हल्दी, तिलक और पूजा की थाली की व्यवस्था की गई थी। बहनों ने अपने बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखद जीवन की कामना की। रक्षाबंधन के अवसर पर परिजनों से मुलाकात ने बंदियों को भावनात्मक संबल दिया।

6,419 परिजन पहुंचे जेल केंद्रीय जेल रीवा में 1,393 पुरुष और 39 महिला बंदियों से मिलने के लिए उनके परिजनों, भाइयों और बहनों ने पंजीयन कराया था। इसके तहत कुल 6,419 परिजन जेल पहुंचे। बड़ी संख्या में परिजनों के पहुंचने को देखते हुए जेल प्रशासन ने मुलाकात और सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं कीं।

पूरी मुलाकात व्यवस्था को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संचालित करने में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और नगर निगम का सहयोग रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जेल स्टाफ के साथ रक्षित निरीक्षक आरक्षी केंद्र रीवा से प्राप्त अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

जेल अधीक्षक सतीश कुमार उपाध्याय ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने बिना किसी व्यवधान के रक्षाबंधन पर्व की विशेष मुलाकात व्यवस्था संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।