रीवा में 4 सितंबर को मनेगा श्रीकृष्ण पर्व, टाउन हॉल में होगा एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम
रीवा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से रीवा में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण पर्व का आयोजन किया जाएगा। एक दिवसीय कार्यक्रम नगर पालिक निगम के टाउन हॉल में आयोजित होगा।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप श्रीकृष्ण पर्व पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आयोजन को भव्य और गरिमापूर्ण बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। आमजन की भागीदारी पर जोर
कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक आमजन कार्यक्रम में शामिल हो सकें। उन्होंने सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को सादर आमंत्रित कर आयोजन में सहभागी बनाने के लिए भी कहा है।
कार्यक्रम के सुचारु आयोजन के लिए नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन को नोडल अधिकारी और हुजूर एसडीएम अनुराग तिवारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। कलेक्टर ने संस्कृति संचालनालय से आवश्यक समन्वय स्थापित कर श्रीकृष्ण पर्व की गरिमा के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।