राज्य

सड़े हुए पित्ताशय को दूरबीन विधि से निकाला, मेडिकल कॉलेज की टीम ने बचाई मरीज की जान

लेखक: AIR Lucknow अंतिम अपडेट: 22 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सड़े हुए पित्ताशय को दूरबीन विधि से निकाला, मेडिकल कॉलेज की टीम ने बचाई मरीज की जान

सुल्तानपुर। राजकीय स्वशासी मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर के चिकित्सकों की टीम ने गंभीर हालत में पहुंचे मरीज की इमरजेंसी लैप्रोस्कोपिक सर्जरी कर सड़े हुए पित्ताशय को सफलतापूर्वक बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। मरीज के पेट में पित्त फैल चुका था और स्थिति जानलेवा बन गई थी।

सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर है और उसे विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।अस्पताल के अनुसार मरीज को गंभीर अवस्था में इमरजेंसी विभाग में लाया गया था। चिकित्सकों ने तत्काल क्लिनिकल जांच के बाद सीटी स्कैन कराया। जांच में पेट के भीतर पित्त फैलने की पुष्टि हुई, जिसे बिलियस पेरिटोनिटिस कहा जाता है।

यह गंभीर और जानलेवा स्थिति मानी जाती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्जरी विभाग की टीम ने बिना समय गंवाए इमरजेंसी लैप्रोस्कोपिक एक्सप्लोरेशन का निर्णय लिया।

पित्ताशय पूरी तरह सड़ चुका था ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि मरीज का पित्ताशय पूरी तरह सड़कर गैंग्रीनस हो चुका था और पेट के चारों हिस्सों में पित्त फैल गया था। टीम ने दूरबीन विधि से पूरे पेट और आंतों का बारीकी से निरीक्षण किया।

इसके बाद लैप्रोस्कोपिक कोलेसिस्टेक्टॉमी के जरिए सड़े हुए पित्ताशय को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पेट की पूरी सफाई की गई।चिकित्सकों के अनुसार मरीज की गंभीर स्थिति में समय पर निर्णय लेना और तत्काल सर्जरी करना बेहद महत्वपूर्ण था।

दूरबीन विधि से सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।सर्जरी वरिष्ठ चिकित्सकों के मार्गदर्शन में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुप्रीत वर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आकाश श्रीवास्तव, सीनियर रेजिडेंट डॉ. आदित्य गंगवार, जूनियर रेजिडेंट डॉ. अमित वर्मा, एनेस्थेटिस्ट डॉ. राजेश, ओटी असिस्टेंट प्रशांत, हेड नर्स शीलम सिस्टर सहित नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने की।सफल सर्जरी के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है।

मरीज के परिजनों ने मेडिकल कॉलेज की चिकित्सकीय टीम और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार जताया। जटिल परिस्थिति में इमरजेंसी लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के जरिए मरीज को उपचार उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की सराहना हो रही है।

A
AIR Lucknow

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।