राज्य

सड़कों, पुलों और भवनों के काम को मिलेगी रफ्तार, वर्किंग सीजन का पूरा उपयोग करने पीडब्लूडी तैयार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 अक्टूबर 2026 👁️ 2 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सड़कों, पुलों और भवनों के काम को मिलेगी रफ्तार, वर्किंग सीजन का पूरा उपयोग करने पीडब्लूडी तैयार

रायपुर, 26 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ में बरसात के बाद सड़कों, पुल-पुलियों और भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की तैयारी की जा रही है। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने कल नवा रायपुर में विभागीय अधिकारियों और मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं तथा कार्यपालन अभियंताओं की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अक्टूबर से निर्माणाधीन कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने और अप्रारंभ कार्यों को शुरू कराने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री बंसल ने ठेकेदारों के साथ भी बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और विभिन्न प्रक्रियाओं में लगने वाले समय को कम करने विभागीय दिशा-निर्देशों, भुगतान प्रक्रिया, समय-सीमा निर्धारण और ठेकेदारों से जुड़े नीतिगत विषयों पर सुझाव भी मांगे।

विभागीय सचिव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के कार्यों में ठेकेदारों की अहम भूमिका है। उन्होंने ठेकेदारों को 1 अक्टूबर से शुरू हो रहे नए टेंडर सिस्टम में नामांकन कराने और इसके लिए विभाग द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण में भाग लेने को कहा। उन्होंने ठेकेदारों को अपने पास उपलब्ध संसाधनों और क्षमता के अनुसार काम लेने को कहा। उन्होंने ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों की गति बढ़ाने और गुणवत्ता पर भी जोर दिया। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव और सीजीआरआईडीसी के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय भी बैठक में मौजूद थे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।