सद्भावना दिवस के रूप में मनाई पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने दिलवाई सद्भावना दिवस की शपथ अगस्त 20, चंबा (हिमाचल प्रदेश): पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर आज उपायुक्त कार्यालय चम्बा में सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सद्भावना दिवस की शपथ दिलाई।
उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जाति, संप्रदाय, क्षेत्र, धर्म अथवा भाषा के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव किए बिना सभी भारतवासियों की भावनात्मक एकता और सद्भावना के लिए कार्य करने तथा हिंसा का सहारा लिए बिना सभी प्रकार के मतभेदों को बातचीत एवं संवैधानिक माध्यमों से सुलझाने की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि सद्भावना दिवस का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि विविधताओं से भरे देश में सभी वर्गों के बीच आपसी सम्मान, सहयोग और सौहार्द की भावना लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करती है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन मूल्यों को अपने कार्य और व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंदर सिंह व नाजीर प्रवीण मैहता सहित कार्यालय के विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।