राज्य

सफाई कर्मचारियों के लिए सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य सुनिश्चित करें: राहुल कुमार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सफाई कर्मचारियों के लिए सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य सुनिश्चित करें: राहुल कुमार

सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के दिए निर्देश

सितंबर 21, बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश): जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की। बैठक में सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यस्थल पर आवश्यक सावधानियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने जिला में कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों के लिए मास्क, ग्लव्स, गमबूट तथा अन्य आवश्यक व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश सभी संबंधित विभागों तथा नगर परिषद के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को कार्य की प्रकृति के अनुरूप पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाना संबंधित विभागों एवं स्थानीय निकायों की जिम्मेदारी है।

राहुल कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों के नियमित एवं सही उपयोग के संबंध में निरंतर जागरूक किया जाए, ताकि कार्य के दौरान उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर उनके आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण करवाए जाएं।

उपायुक्त ने सभी नगर परिषदों तथा संबंधित स्थानीय निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधीन कार्यरत सफाई कर्मचारियों के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सफाई कार्य ठेकेदारों के माध्यम से करवाया जा रहा है, तो संबंधित ठेकेदारों के लिए भी कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाना अनिवार्य किया जाए।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी अपने कार्य स्थ्ल पर बिना आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के कार्य न करें क्योंकि ऐसे में उनके स्वास्थ्य को गंभीर जोखिम हो सकता है। सफाई कार्य के दौरान विभिन्न प्रकार के संक्रमण एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की संभावना रहती है। ऐसे में कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए निर्धारित सावधानियां और सुरक्षा उपकरणों का पालन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

राहुल कुमार ने नगर परिषद एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों को अच्छी गुणवत्ता वाले मास्क, ग्लव्स, गमबूट एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थानीय निकाय को गुणवत्तापूर्ण सुरक्षा किट उपलब्ध करवाने में वित्तीय कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, तो इस संबंध में जिला प्रशासन को अवगत करवाया जाए, ताकि कर्मचारियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और जिला प्रशासन आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने की दिशा में उचित कदम उठा सके।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।