अपराध

सॉफ्टवेयर अपडेट के नाम पर मोबाइल हैक, खाते से 40 हजार ट्रांसफर; पीड़ित ने एसपी से की शिकायत

लेखक: Kuldeep Sharma अंतिम अपडेट: 2 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सॉफ्टवेयर अपडेट के नाम पर मोबाइल हैक, खाते से 40 हजार ट्रांसफर; पीड़ित ने एसपी से की शिकायत

शिवपुरी। शहर के मनियर क्षेत्र निवासी संजय कुमार जोशी के बैंक खाते से कथित तौर पर साइबर ठगी के जरिए 40 हजार रुपए अनधिकृत रूप से ट्रांसफर किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की शिकायत शाखा में आवेदन देकर राशि वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11:42 बजे संजय के मोबाइल पर सॉफ्टवेयर अपडेट करने का नोटिफिकेशन आया। उन्होंने नोटिफिकेशन को फॉलो करते हुए कई बार Next पर क्लिक किया और स्क्रीन पर दिए जा रहे निर्देशों का पालन किया। इस दौरान उनसे पासवर्ड आदि की जानकारी भी मांगी गई, जिसे उन्होंने निर्देशानुसार दर्ज किया।

कुछ देर बाद मोबाइल रिबूट हुआ तो संजय को पता चला कि उनके फोन से WhatsApp डिलीट हो चुका है और दोबारा चालू नहीं हो रहा था। वहीं PhonePe का सिम्बल मोबाइल में दिखाई दे रहा था, लेकिन ऐप ओपन नहीं हो रहा था।

बाद में PhonePe को दोबारा एक्टिवेट करने के बाद जब उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया तो पता चला कि खाते से 40 हजार निकालकर AJAY (ajay73727@ybl) नाम के खाते में ट्रांसफर किए जा चुके हैं।

पीड़ित ने शिकायत में आशंका जताई है कि अज्ञात व्यक्ति ने सॉफ्टवेयर अपडेट के बहाने उसके मोबाइल तक पहुंच बनाकर बैंक खाते से रकम ट्रांसफर की है। संजय कुमार जोशी ने पुलिस से मामले की जांच कर राशि वापस दिलाने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

K
Kuldeep Sharma

कुलदीप शर्मा पिछोर, शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं