सागर: बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के शासकीय नर्सिंग कॉलेज को मिली 60 सीटों की सौगात
सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग के लिए 60 सीटों की आधिकारिक मंजूरी मिल गई है। यह बड़ी उपलब्धि पिछले दो वर्षों से किए जा रहे निरंतर प्रयासों, प्रशासनिक पहलों और दूरदर्शी कार्यप्रणाली का परिणाम है, जिससे समूचे बुंदेलखंड अंचल में चिकित्सा और उच्च शिक्षण व्यवस्था को एक नया और मजबूत आयाम मिलेगा।
वर्ष 2024 में नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया पर रोक लग गई थी, जिसके बाद से ही संस्थान की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और पुनः मान्यता व सीटें बहाल करवाने के लिए लगातार प्रयास जारी थे। संस्थान के डीन डॉ. पी. एस. ठाकुर के सतत और गंभीर प्रयासों के चलते यह सफलता हासिल हुई है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर डीन डॉ. पी. एस. ठाकुर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रेषित किया है।