सागर- हितग्राही मूलक योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर ने किए 13 पटवारी निलंबित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने और पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर नहीं पहुंचाने के मामले में सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। कलेक्टर ने कार्य में घोर लापरवाही और उदासीनता पाए जाने पर जिले के 13 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं 137 अन्य पटवारियों को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज नोटिस) जारी कर जवाब मांगा गया है।
राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली हितग्राही मूलक योजनाओं का सीधा संबंध आम जनता और किसानों से है। इन योजनाओं से संबंधित कार्य समय पर नहीं होने से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी होती है। समीक्षा बैठकों और मैदानी स्तर पर सामने आई अनियमितताओं तथा लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने संबंधित पटवारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर की इस कार्रवाई के बाद राजस्व अमले में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि शासकीय योजनाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर आगे भी जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।