सागर: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटैरिया की अध्यक्षता में हुई स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटैरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सूचकांकों, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, भुगतान संबंधी प्रकरणों और विभिन्न स्वास्थ्य विषयों की उच्च स्तरीय जिला समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी, डीपीएम, डीएएम, डीसीएम, एपीएम, पीएचएम के अलावा सभी विकासखंडों के मुख्य/खंड चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीसीएम और बीएएम उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सीएमएचओ डॉ. पटैरिया ने गर्भवती महिलाओं के पूर्ण और समय पर पंजीयन सुनिश्चित करने, सभी आवश्यक जांचें समय पर पूर्ण कराने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग के कड़े निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष जोर देते हुए कहा कि मॉडरेट और सीवियर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की तुरंत पहचान की जाए और उनका समय पर उपचार व उचित प्रबंधन सुनिश्चित हो। इसके साथ ही, पीआईएच (Pregnancy Induced Hypertension) के प्रकरणों की पहचान, उनकी नियमित निगरानी और आवश्यक उपचार की मुकम्मल व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सूचकांकों और सीएम हेल्पलाइन पर विशेष फोकस बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विकासखंडवार गहन समीक्षा की गई और अधिकारियों को सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
डिलीवरी अपडेशन में लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए पोर्टल और संबंधित अभिलेखों में समय पर डेटा अपडेट करने के निर्देश दिए गए। बीएमसी सागर के डाटा एंट्री ऑपरेटर को सभी विकासखंडों की डिलीवरी अपडेशन सूची सौंपी गई ताकि लंबित प्रकरणों को तुरंत दुरुस्त किया जा सके।
डॉ. पटैरिया ने सभी विकासखंडों को अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य सूचकांकों की स्थिति का नियमित विश्लेषण करने को कहा। जिन क्षेत्रों में प्रगति धीमी है, वहां सेक्टर स्तर की बैठकें आयोजित कर स्पष्ट रणनीति बनाने और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कम उपलब्धि वाले सेक्टरों को चिन्हित कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए मैदानी अमले के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने की बात कही गई, ताकि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक के नागरिकों को मिल सके।