सहकारिता क्षेत्र में विदिशा का बढ़ा गौरव, जिला सहकारी बैंक और पैक्स लटेरी प्रदेश के उत्कृष्ट संस्थानों में चयनित
विदिशा। सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और बेहतर प्रदर्शन के लिए विदिशा जिले ने प्रदेश स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, भोपाल की ओर से जारी पत्र के अनुसार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, विदिशा का चयन प्रदेश के उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों में किया गया है।
वहीं उत्कृष्ट प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) की श्रेणी में पैक्स लटेरी, जिला विदिशा को चुना गया है। सहकारिता उपायुक्त धुव कुमार झारिया ने बताया कि जिले की दो प्रमुख सहकारी संस्थाओं का प्रदेश के उत्कृष्ट संस्थानों में चयन होना विदिशा के लिए गौरव का विषय है।
यह उपलब्धि किसानों, सदस्यों और ग्रामीण क्षेत्र के हितग्राहियों के लिए सहकारी संस्थाओं की ओर से किए जा रहे निरंतर प्रयासों और सहकारी गतिविधियों के प्रभावी संचालन को दर्शाती है।
सहकारी संस्थाओं द्वारा किसानों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने, संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत करने, सहकारी गतिविधियों के बेहतर संचालन और सदस्यों के हितों को प्राथमिकता देने की दिशा में किए गए कार्यों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
इसी बेहतर प्रदर्शन के आधार पर जिला सहकारी बैंक विदिशा और पैक्स लटेरी का प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट संस्थानों के रूप में चयन किया गया है। मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित चयनित दोनों संस्थाओं को 2 सितंबर को मेला ग्राउंड, ग्वालियर में आयोजित बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारी कृषक संगम कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा दोनों संस्थाओं को प्रमाण-पत्र और नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। जिला सहकारी बैंक विदिशा और पैक्स लटेरी की यह उपलब्धि सहकारिता क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, समितियों और किसानों के लिए उत्साहवर्धक है।
इससे जिले में सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों और सदस्यों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत बनाने के प्रयासों को नई गति मिलने की उम्मीद है।