साझी पहल से जीविका दीदियां करेंगी 10वीं 12वीं पास
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
Marking : Lead All
साझी पहल से जीविका दीदियां करेंगी 10वीं 12वीं पास
जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
16 सितंबर , पटना (पटना, बिहार) : शिक्षा से वंचित रह गई महिलाओं को अपनी अधूरी पढ़ाई पूरी करने का दूसरा अवसर देने के उद्देश्य से बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE), जीविका, एजुकेट गर्ल्स और प्रथम द्वारा संयुक्त रूप से पहल की जा रही है। इस पहल के माध्यम से जीविका दीदियों को BBOSE के तहत 10वीं एवं 12वीं कक्षा की परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
ज्ञातव्य हो कि बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE), पटना ऐसी शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराता है, जिसके माध्यम से नियमित विद्यालयी शिक्षा पूरी नहीं कर पाने वाले शिक्षार्थियों को अपनी पढ़ाई आगे बढ़ाने और 10वीं एवं 12वीं कक्षा की परीक्षा पूरी करने का अवसर मिलता है। इस बोर्ड की मान्यता अन्य बोर्डों के समान है और इसके द्वारा जारी किए गए प्रमाण-पत्र सरकारी नौकरी एवं अन्य कार्यों के लिए मान्य हैं। इसी व्यवस्था का लाभ जीविका दीदियों तक पहुंचाने के लिए नामांकन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस पहल के तहत जीविका दीदियों के बीच BBOSE में नामांकन एवं परीक्षा के लिए आवेदन करने को लेकर जागरूकता एवं प्रोत्साहन का कार्य किया जा रहा है। विशेष रूप से उन महिलाओं को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जो किसी कारणवश अपनी 10वीं या 12वीं की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाईं। BBOSE के माध्यम से उन्हें अपनी अधूरी शिक्षा पूरी करने का दूसरा अवसर मिल रहा है। परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वे आगे की शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार से जुड़े अवसरों की ओर आगे बढ़ सकेंगी।
जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में शिक्षा को महिलाओं के सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हुए जीविका दीदियों को अपनी अधूरी शिक्षा पूरी करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर जीविका की टीम द्वारा दीदियों तक इस पहल की जानकारी पहुंचाने और उन्हें नामांकन के लिए प्रेरित करने में सहयोग किया जा रहा है।
इसी क्रम में BBOSE के वरीय कार्यपालक पदाधिकारी मानस मिलिंद ने इस पहल के तहत गोगल सिंह इंटर स्तरीय विद्यालय, नयागांव, सोनपुर में जीविका द्वारा संचालित लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं, यथा पुस्तकें, कंप्यूटर, इंटरनेट की सुविधा, अखबार आदि का अवलोकन किया, ताकि इसे जीविका दीदियों को मार्गदर्शन देने के लिए एक फैसिलिटेशन सेंटर के रूप में विकसित किया जा सके।
तत्पश्चात सिद्धि जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति, गोपालपुर, सोनपुर, जिला सारण का अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने जीविका दीदियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा देने से मिलने वाले अवसरों पर चर्चा की तथा उन्हें अपनी अधूरी शिक्षा पूरी करने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के दौरान जीविका दीदियों ने BBOSE शिक्षा से जुड़े अपने अनुभव एवं विचार साझा किए। श्री मानस मिलिंद ने जीविका दीदियों का परिचय BBOSE से कराया। इसके तहत BBOSE में नामांकन एवं परीक्षा के तौर-तरीकों से उन्हें अवगत कराया गया। शिक्षा के महत्व पर चर्चा करते हुए उन्होंने इस अवसर का लाभ उठाने के लिए जीविका दीदियों को प्रोत्साहित किया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मविश्वास, बेहतर अवसर और आगे बढ़ने की नई दिशा प्रदान करना है।
इसी क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री निशांत कुमार एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा, मीनू कुमारी से विचार-विमर्श किया गया, जिसमें जिले में कार्यरत BBOSE के अध्ययन केंद्रों को और भी सुदृढ़ करने तथा नए अध्ययन केंद्र खोलने से संबंधित सुझाव दिए गए। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री निशांत कुमार एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा, मीनू कुमारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि अध्ययन केंद्रों को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक उपाय किए जाएंगे। साथ ही, अधिकाधिक नामांकन के लिए प्रयास किए जाएंगे।
इस कार्यक्रम में एजुकेट गर्ल्स से नीरज, प्रकाश सिंह एवं रितु देवी, प्रथम से प्रमोद शाह, सिद्धि जीविका से जितेंद्र कुमार तथा बीपीएम जीविका स्वाति की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने जीविका दीदियों को BBOSE के माध्यम से अपनी अधूरी शिक्षा पूरी करने के लिए प्रेरित किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह पहल न केवल जीविका दीदियों की शिक्षा के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण चरण सिद्ध होगी, बल्कि बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में अलख जगाने में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकेगी। आशा है कि यह पहल अन्य राज्यों के साथ-साथ देश के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।
इस स्टोरी फोल्डर में :
फोटो
Caption : जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।