समाजसेवा और चैरिटी के क्षेत्र में सक्रिय मक़बूल दयावान ने दो पुलिसकर्मियों को ‘जीवन रक्षा अवार्ड’ से किया सम्मानित, देखें वीडियो

भोपाल। समाजसेवा, जरूरतमंदों की मदद और चैरिटी के कार्यों में लगातार सक्रिय रहने वाले मक़बूल दयावान की ओर से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्रोत्साहित करने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मक़बूल दयावान जन कल्याण समिति के सौजन्य से तलैया थाने में दो पुलिसकर्मियों को उनकी तत्परता और सूझबूझ के लिए ‘जीवन रक्षा अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
तलैया थाना प्रभारी श्री दीपक डहेरिया की मौजूदगी में आयोजित सम्मान समारोह में एएसआई राजकुमार शर्मा और आरक्षक अंकित कुमार को सम्मानित किया गया। मक़बूल दयावान और थाना प्रभारी दीपक डहेरिया ने दोनों पुलिसकर्मियों को सम्मानित करते हुए उन्हें मुबारकबाद और शुभकामनाएं दीं।
CPR देकर बचाई साथी पुलिसकर्मी की जान
दरअसल, तलैया थाने में पदस्थ एसआई राधेलाल अपने कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस स्टाफ तुरंत हरकत में आया।
एएसआई राजकुमार शर्मा ने बिना समय गंवाए एसआई राधेलाल को CPR देना शुरू किया। उनके साथ आरक्षक अंकित कुमार ने भी CPR देकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
CPR दिए जाने के बाद एसआई राधेलाल को होश आया। इसके बाद उन्हें तत्काल चिरायु अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
यह घटना बताती है कि आपात स्थिति में समय पर दी गई CPR कितनी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। भोपाल पुलिस को दी गई CPR ट्रेनिंग का व्यावहारिक लाभ इस घटना में देखने को मिला, जहां पुलिसकर्मियों की तत्परता और समय पर की गई कार्रवाई से एक अनमोल जिंदगी बचाने में मदद मिली।
मक़बूल दयावान ने की पुलिसकर्मियों की सराहना
सम्मान समारोह के दौरान समाजसेवी मक़बूल दयावान ने एएसआई राजकुमार शर्मा और आरक्षक अंकित कुमार की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों द्वारा संकट की घड़ी में अपने साथी की जान बचाने के लिए जिस तरह तत्काल CPR दी गई, वह कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदना की मिसाल है।
उन्होंने कहा कि ऐसे पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से न केवल उनका हौसला बढ़ता है, बल्कि समाज में भी दूसरों की मदद करने और आपात स्थिति में आगे आने की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में तलैया थाना प्रभारी श्री दीपक डहेरिया, मोहम्मद अमीन (भोपाल ट्रैवल्स) और समाजसेवी मक़बूल दयावान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को मुबारकबाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मक़बूल दयावान जन कल्याण समिति का यह प्रयास सामाजिक सेवा के साथ-साथ ऐसे मानवीय और साहसिक कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आया।