संभाग स्तरीय मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में दतिया के खिलाड़ियों ने जीते पांच पदक

भास्कर संवाददाता| दतिया ग्वालियर स्थित नोबल माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में वीर दुर्गादास जी की 388वीं जयंती के अवसर पर संभाग स्तरीय स्क्वे मार्शल आर्ट चैंपियनशिप प्रतियोगिता आयोजित की गई। बजरंग मार्शल आर्ट अकादमी, दतिया के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण सहित कुल 5 पदकों पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता में यक्ष सोनी व कुणाल शंकर मोदी ने स्वर्ण, हर्ष शंकर मोदी ने रजत व नैतिक सोनी व मधुर राजपूत ने कांस्य पदक जीता। खिलाड़ियों की इस सफलता पर दतिया में उनका सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला महामंत्री भाजपा माधवेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
उन्होंने विजेताओं को फूल-माला, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए खेल अनिवार्य हैं। खिलाड़ी मोबाइल का सीमित उपयोग कर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें और माता-पिता व गुरुजनों की आज्ञा का पालन करें।
विशिष्ट अतिथि के रूप में क्रीड़ा भारती के जिला योग प्रमुख अभिषेक राजपूत टाइगर ने नियमित दिनचर्या पर जोर दिया। कार्यक्रम में मंच पर विशेष अतिथि हरिशंकर साहू, संजू सोनी व शिवम राजपूत उपस्थित रहे। अकादमी के कोच अविनाश राजपूत सहित पदक विजेता बच्चों के परिजन भी इस अवसर पर मौजूद थे।
📡 स्रोत: NewsData.io