राजनीति

सांगानेर में सबसे ज्यादा वोटिंग

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सांगानेर में सबसे ज्यादा वोटिंग

जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों की 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए हुए मतदान में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिले में कुल 90.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सांगानेर पंचायत समिति क्षेत्र 91.90 प्रतिशत मतदान के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि कोटखावदा में सबसे कम 86.70 प्रतिशत वोटिंग हुई।

गांव की सरकार चुनने के लिए जयपुर जिले में मतदाताओं ने जमकर उत्साह दिखाया। पंचायतीराज आम चुनाव के तीसरे चरण में सरपंच पदों के लिए हुए मतदान में 90 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। जिले की पांच पंचायत समितियों की 133 ग्राम पंचायतों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

अंतिम आंकड़ों में सांगानेर पंचायत समिति क्षेत्र मतदान के मामले में सबसे आगे रहा। जयपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के तृतीय चरण के तहत गुरुवार को सरपंच पदों के लिए मतदान संपन्न हुआ। जिले की पांच पंचायत समितियों की 133 ग्राम पंचायतों में मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचकर गांव की सरकार चुनने में अपनी भागीदारी निभाई।

जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत संदेश नायक ने बताया कि जिले में अंतिम रूप से 90.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाताओं में से 3 लाख 37 हजार 795 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पंचायत समिति क्षेत्रवार मतदान के आंकड़ों पर नजर डालें तो सांगानेर में सर्वाधिक 91.90 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं माधोराजपुरा में 91.48 प्रतिशत, चाकसू में 90.17 प्रतिशत और फागी में 89.91 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। जबकि कोटखावदा में 86.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान के दौरान समय के साथ वोटिंग प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली। सुबह 10 बजे तक 22.45 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोपहर एक बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 48.97 प्रतिशत पहुंच गया। इसके बाद अपराह्न 3 बजे तक 66.50 प्रतिशत और शाम 6 बजे तक 87.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम आंकड़ों में जिले का कुल मतदान प्रतिशत 90.12 रहा। मतदान के इन आंकड़ों से साफ है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच चुनने को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह रहा। अब सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर रहेंगी, जो ग्राम पंचायतों की नई तस्वीर तय करेंगे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।