सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर अमित शाह ने निकाली एकता दौड़, नशामुक्त भारत का लक्ष्य दोहराया
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
Date- 31 Oct 2026,
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को नई दिल्ली में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत आयोजित ‘एकता दौड़’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में शाह ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल भारत का इतिहास बदला, बल्कि देश के भूगोल की संरचना भी की। अनेक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर उन्होंने अखंड भारत का निर्माण किया।
1218 दिनों में किया असंभव कार्य
अमित शाह ने कहा कि जब देश आजाद हुआ था, तब दुनिया के कई लोगों को लगता था कि आजादी के बाद भारत बिखर जाएगा। लेकिन सरदार पटेल ने मात्र 1218 दिनों में अखंड भारत की रचना कर वह कर दिखाया, जिसे दुनिया असंभव मानती थी। उन्होंने भारत के भौगोलिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक एकीकरण के लिए सफल प्रयास किए और देश को एक सूत्र में बांधा।
नशामुक्त भारत विकसित भारत का पहला चरण
गृह मंत्री ने कहा कि इसी वर्ष 31 मार्च को देश नक्सलवाद से मुक्त होकर नशामुक्त भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में पहला चरण नशामुक्त भारत का निर्माण है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 31 दिसंबर 2029 तक देश को नशे से पूरी तरह मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। नशामुक्त भारत का निर्माण देश के युवाओं और उनके भविष्य के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि साबित होगा।