सरकार ने प्याज की बढ़ती कीमतों पर लगाम के लिए भंडार से प्याज बाजार में उतारा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
देश में प्याज की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने सुरक्षित भंडार से प्याज बाजार में भेजना शुरू कर दिया है।
उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अनुसार, कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए ‘कांदा एक्सप्रेस’ मालगाड़ियों और ट्रकों के जरिए देश के प्रमुख शहरों में प्याज की सुनियोजित आपूर्ति की जा रही है।
मंत्रालय ने बताया कि नासिक से भेजी गई पहली कांदा एक्सप्रेस 450 मीट्रिक टन प्याज लेकर दिल्ली पहुंच चुकी है, जिसे दिल्ली-एनसीआर, वाराणसी, लखनऊ, चंडीगढ़ और अमृतसर में वितरित किया गया है। वहीं, 840 मीट्रिक टन प्याज लेकर दूसरी मालगाड़ी चेन्नई पहुंच चुकी है, जिससे तमिलनाडु के विभिन्न जिलों में प्याज की आपूर्ति की जाएगी।
इसके अलावा, सड़क मार्ग से भी लगभग एक हजार मीट्रिक टन प्याज प्रमुख बाजारों में भेजा जा रहा है। इस पहल के तहत करीब तीन हजार चार सौ किसानों को सीधे 210 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि बाजार में प्याज आते ही कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है और आने वाले दिनों में दाम और कम होंगे।
रेल मार्ग से प्याज की सुरक्षित आपूर्ति के लिए भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंत्रालय ने बताया कि सुरक्षित भंडार से प्याज बाजार में आने के बाद से इसकी उपलब्धता बढ़ी है और कीमतों में गिरावट आनी शुरू हो गई है।
सरकार को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आपूर्ति और बढ़ने से प्याज के दाम पूरी तरह स्थिर हो जाएंगे, जिससे आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।