देश

सरकार ने प्याज की कीमतों पर नियंत्रण के लिए बफर स्टॉक की लक्षित आपूर्ति शुरू की

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

सरकार ने प्याज की मौसमी मूल्य दबाव को कम करने के लिए कांदा एक्सप्रेस और सड़क परिवहन के माध्यम से बफर स्टॉक की सुनियोजित और लक्षित आपूर्ति शुरू कर दी है।

उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा कि व्यापक उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 30 से अधिक ट्रकों की तैनाती के साथ 19 शहरों में खुदरा हस्तक्षेप प्रयासों का विस्तार किया गया है।

मंत्रालय ने सूचित किया कि नासिक से कांदा एक्सप्रेस से 450 मीट्रिक टन प्याज दिल्ली पहुंच गई है और बाद में इसे वाराणसी, लखनऊ, चंडीगढ़, अमृतसर और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वितरित किया गया है। मंत्रालय ने आगे कहा कि 840 मीट्रिक टन प्याज कल चेन्नई पहुंच गई और इसे तमिलनाडु के विभिन्न जिलों में वितरित किया जाना है।

मंत्रालय ने बताया कि मौजूदा बाजार स्थितियों और मूल्य रुझानों के आधार पर लगभग एक हजार मीट्रिक टन प्याज सड़क मार्ग से प्रमुख उपभोग केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है। मंत्रालय ने सूचित किया है कि लगभग 3400 किसानों को 210 करोड़ रुपये का सीधा भुगतान किया जा चुका है।

सरकार, प्याज किसानों को समर्थन देने के साथ-साथ उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त और किफायती उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने रेलगाड़ियों के माध्यम से बड़ी मात्रा में प्याज की ढुलाई और निपटान के दौरान किसी भी प्रकार की चोरी रोकने और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए मजबूत सुरक्षा उपाय भी किए हैं।

मंत्रालय ने बताया कि बफर स्टॉक से प्याज जारी करने से बाजार में उपलब्धता में सुधार हुआ है और निपटान शुरू होने के अगले दिन से कीमतों में गिरावट आई है, और आपूर्ति में वृद्धि से कीमतों में स्थिरता को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।