देश

सरकारी कैंसर इंजेक्शन की कथित अवैध बिक्री के मामले में जांच के निर्देश

लेखक: AIR Jaipur अंतिम अपडेट: 19 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

जयपुर, 19 अगस्त। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने सरकारी कैंसर इंजेक्शन की दिल्ली में कथित अवैध बिक्री के मामले को गंभीरता से लेते हुए गहन जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक जांच कर जिम्मेदारी तय करने को कहा है।

मंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली महंगी जीवनरक्षक दवाओं की कालाबाजारी या अवैध बिक्री किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

बीकानेर के सरकारी कैंसर अस्पताल के लिए राजस्थान मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (आरएमएससीएल) के माध्यम से भेजे गए इंजेक्शनों की दिल्ली में कथित बिक्री की जानकारी सामने आने के बाद मंत्री ने पूरी आपूर्ति श्रृंखला की जांच के निर्देश दिए।

अधिकारियों को स्टॉक रजिस्टर और संबंधित रिकॉर्ड की भी तत्काल जांच करने को कहा गया है। उन्होंने सरकारी दवाओं की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने तथा निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

A
AIR Jaipur

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।