सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाएं: जगत सिंह नेगी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 16,लाहौल-स्पीति (हिमाचल प्रदेश): काजा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने विकास कार्यों, वन अधिकार अधिनियम और भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। मंत्री ने पंचायत स्तर पर संयुक्त जागरूकता शिविर आयोजित करने और स्पीति में चल रहे विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने समदो-काजा सड़क के उन्नयन कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। वन अधिकार अधिनियम के तहत उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकार केवल निर्धारित नियमों के अनुरूप पात्र लोगों को ही मिलेंगे। वहीं, भूमि अधिग्रहण और नौतोड़ से जुड़े मामलों का नियमानुसार निपटारा करने तथा प्रभावित लोगों की समस्याओं पर उचित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में विधायक अनुराधा राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और परियोजना सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित रहे।