सासाराम में कृषि मेला शुरू, 19 प्रखंडों के किसानों ने दिखाई उपज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने मेले का उद्घाटन किया। किसानों को उन्नत खेती, आधुनिक तकनीक और कृषि यंत्रों की जानकारी दी गई।
02 नवंबर , सासाराम (रोहतास, बिहार) : सासाराम स्थित बाजार समिति परिसर में कृषि विभाग की ओर से दो दिवसीय कृषि मेला सह फल-सब्जी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मेले में जिले के सभी 19 प्रखंडों के किसानों ने भाग लिया और अपने खेतों में उत्पादित उन्नत फल, सब्जियों तथा अन्य कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों और विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने किसानों से मेले में लगाए गए स्टॉलों और प्रदर्शनी का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी इस तरह के आयोजन किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक किसानों तक कृषि संबंधी जानकारी और सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।
मेले के साथ कृषि यांत्रिकीकरण मेले का भी आयोजन किया गया, जहां किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों और मशीनों की जानकारी दी गई। इससे किसानों को खेती में तकनीक के उपयोग और कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाने के विकल्पों से परिचित होने का अवसर मिला।
जिला प्रशासन की ओर से किसानों के कृषि उत्पादों को सीधे बाजार और उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और विपणन की प्रक्रिया को सुगम बनाना है।