सस्त्र गांव को 40 वर्ष बाद मिलेगी पक्की सड़क: सुनील शर्मा बिट्टू
बिजली की वोल्टेज की समस्या का समाधान 10 दिन में किया जाएगा, अधिकारियों को दिए निर्देश
अगस्त 19, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि हमीरपुर के निकटवर्ती गांव सस्त्र में लगभग 40 वर्ष से चली आ रही सड़क की समस्या का अतिशीघ्र समाधान किया जाएगा और बरसात के बाद गांव के लिए एक बेहतरीन पक्की सड़क बनाई जाएगी।
बुधवार को गांव सस्त्र के अपने दौरे के दौरान जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव में बिजली की वोल्टेज की समस्या के अतिशीघ्र समाधान के लिए भी बिजली बोर्ड के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हमीरपुर शहर के बाहरी क्षेत्रों में विकास की एक नई क्रांति आने वाली है, क्योंकि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर के लिए कई नए संस्थान और राज्य स्तर के कार्यालय मंजूर किए हैं।
इन संस्थानों और कार्यालयों के लिए स्वाभाविक रूप से शहर के बाहरी क्षेत्रों में ही पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी। इससे गांव सस्त्र और हमीरपुर शहर के कई अन्य बाहरी क्षेत्र भी तेजी से विकसित होंगे। हमीरपुर से पक्का भरो, सस्त्र, मटाहणी, सलासी, झनियारी, नेरी, जोल सप्पड़ और रंगस तक के क्षेत्रों में अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिलेगा।
यह मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की दूरदर्शी एवं विकासात्मक सोच के कारण ही संभव हो रहा है। इससे पहले, सस्त्र पहुंचने पर सुनील शर्मा बिट्टू का गांववासियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर गांववासी मुश्ताक मुहम्मद, अली मुहम्मद, जमील, बाबू खान, सलीमो बेगम, रजिया बेगम, लालद्दीन, मुश्ताक, शशि मुहम्मद, रमेश चंद, विशाल, कर्ण, जमील खान, रीता देवी, सोनिका और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।