राज्य

सतना: चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न हुई बाढ़ की स्थिति, प्रशासन ने तेज किए राहत और बचाव कार्य

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 31 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

मध्य प्रदेश के धार्मिक नगर चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। सुबह के समय कई प्रभावित क्षेत्रों में पानी भरा हुआ नजर आया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों को पूरी तरह तेज कर दिया है तथा प्रभावित परिवारों तक भोजन और अन्य आवश्यक सामग्रियां लगातार पहुंचाई जा रही हैं।

सतना जिले के मझगवां उपजिलाधिकारी (SDM) मिहिपाल सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रशासनिक टीमें लगातार प्रभावित इलाकों का दौरा कर रही हैं और जरूरतमंदों के बीच खाद्य सामग्रियों का वितरण किया जा रहा है।

प्रशासन द्वारा नागरिकों से लगातार अपील की जा रही है कि वे नदी के बढ़ते जलस्तर और जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। प्रशासनिक अमला पूरी स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है। पेयजल और स्वच्छता पर विशेष जोर

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पानी उतरने के साथ ही क्षेत्र में साफ-सफाई और नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। नगर परिषद के टैंकरों के माध्यम से प्रभावित इलाकों में लगातार साफ पानी की आपूर्ति की जा रही है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे पीने के लिए केवल स्वच्छ और शुद्ध पानी का ही उपयोग करें। इसके अलावा, चित्रकूट के विभिन्न मठ-मंदिरों, सेवा संस्थानों और स्थानीय समाज सेवियों ने बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन वितरण की जिम्मेदारी संभाल रखी है, जिसके तहत सुबह-शाम नियमित रूप से भोजन के पैकेट बांटे जा रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन इन सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी कर रहा है। नुकसान के आकलन के लिए कमेटियों का गठन चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का सटीक आकलन करने के लिए मझगवां के एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर ने एक विशेष कमेटी का गठन किया है।

चित्रकूट नगर परिषद के सभी 15 वार्डों में सर्वे कार्य के लिए 33 सदस्यीय दल बनाया गया है, जो वार्डवार घर-घर जाकर हुए नुकसान का सर्वे करेगा और विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगा।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।