सऊदी अरब में फंसे भारतीयों की मदद में जुटा भारत
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 25, नई दिल्ली: भारत ने सऊदी अरब में उड़ानें रद्द होने से प्रभावित अपने नागरिकों, खासकर उमरा यात्रियों की जल्द वापसी के लिए नया परामर्श जारी किया है। भारत, यात्रियों की वापसी में मदद के लिए सऊदी अरब के अधिकारियों के संपर्क में है।
यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। इन हमलों में नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बताया कि जेद्दा और मक्का में उसके नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे प्रभावित भारतीयों की मदद कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें भोजन, जरूरी दवाएं और अन्य सामान उपलब्ध कराया जा रहा है।
वाणिज्य दूतावास, उड़ानें रद्द होने से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सऊदी अरब के हज और उमरा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के संपर्क में है। ठहरने या अन्य सेवाओं से जुड़ी परेशानी का सामना कर रहे उमरा यात्री सऊदी अरब के हज और उमरा मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1966 पर संपर्क कर सकते हैं। यात्रियों को अपने उमरा सेवा प्रदाताओं के संपर्क में रहने की भी सलाह दी गई है।
वाणिज्य दूतावास ने कहा कि वे उड़ानें रद्द होने और टिकट का पैसा वापस मिलने में हो रही देरी को लेकर भारतीय विमानन कंपनियों के संपर्क में है। यात्रियों की वापसी के लिए उन कंपनियों से भी संपर्क कराया जा रहा है, जिनकी भारत के लिए उड़ानें जारी हैं। हालांकि, ये व्यवस्था सीटों की उपलब्धता और किराए पर निर्भर करेगी।
फाइल फोटो