अपराध

सवाई माधोपुर में बास्केटबॉल का महासंग्राम शुरू

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सवाई माधोपुर में बास्केटबॉल का महासंग्राम शुरू

सवाई माधोपुर में 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का ध्वजारोहण के साथ आगाज हुआ। 17 और 19 वर्ष छात्र वर्ग में प्रदेशभर की 88 टीमों के 1056 खिलाड़ी 288 मुकाबलों में दमखम दिखाएंगे।

सवाई माधोपुर, 1 अक्टूबर। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन मैदान में बुधवार को 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला कलेक्टर काना राम और पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने 17 एवं 19 वर्ष छात्र वर्ग की प्रतियोगिता का ध्वजारोहण कर विधिवत आगाज किया।

शुभारंभ समारोह के दौरान खिलाड़ियों को खेल नियमों का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 7 अक्टूबर तक गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल मानटाउन के संयोजन में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 17 वर्ष छात्र वर्ग की 45 और 19 वर्ष छात्र वर्ग की 43 टीमें भाग ले रही हैं। दोनों वर्गों में कुल 1056 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान कुल 288 मुकाबले खेले जाएंगे। खिलाड़ियों के बीच मुकाबले पुलिस लाइन मैदान, दशहरा मैदान, फतेह पब्लिक स्कूल मैदान और सेंट एन्सलम्स स्कूल मैदान सहित निर्धारित खेल स्थलों पर आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रतियोगिता के सुचारू संचालन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शारीरिक शिक्षकों की टीम ने खेल मैदानों को तैयार किया है। मैचों के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा, अनुशासन और व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

राज्यभर से पहुंचे युवा खिलाड़ी प्रतियोगिता को लेकर उत्साहित नजर आए। सात दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

बाईट-1-कानाराम ,जिला कलेक्टर सवाई माधोपुर

बाईट-2-जैष्ठा मैत्रेयी ,पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर

🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत

सवाई माधोपुर में बास्केटबॉल के महासंग्राम ने युवाओं में प्रतिस्पर्धा के साथ साथ सहयोग और अनुशासन का संदेश दिया। यह दिखाता है कि खेल केवल जीत-हार नहीं, बल्कि टीम वर्क, धैर्य और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माध्यम है। जब किसी को चोट या असफलता का सामना करना पड़े, तो उसे हार नहीं मानकर सुधार की राह चुननी चाहिए। समाज को चाहिए कि युवा खेलों को प्रोत्साहन देकर शारीरिक और मानसिक दोनों ही स्वस्थ रखें।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।