अपराध

सवाई माधोपुर में तीसरे चरण का मतदान कल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सवाई माधोपुर में तीसरे चरण का मतदान कल

सवाई माधोपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव-2026 के तीसरे चरण के मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो गई हैं। कल यानी 3 नवंबर को जिले की चार पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। चुनाव को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित साहूनगर स्कूल में मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया।

इसके बाद ईवीएम और मतदान सामग्री उपलब्ध करवाकर सभी पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिले के 498 मतदान केंद्रों पर 4 लाख 35 हजार 677 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

मतदान की तैयारियां और पोलिंग पार्टियों की रवानगी

सवाई माधोपुर 2 नवंबर। पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण को लेकर सवाई माधोपुर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए मतदान दलों की रवानगी की गई। जिला मुख्यालय स्थित साहूनगर स्कूल में मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारियां और दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद सभी मतदान दलों को ईवीएम सहित आवश्यक चुनाव सामग्री उपलब्ध करवाई गई। मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया, ताकि मतदान शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम के निर्देशन में पूरी चुनावी प्रक्रिया को लेकर व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो और प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिले।

होल्ड बाइट-1: काना राम, जिला निर्वाचन अधिकारी, सवाई माधोपुर।

चार पंचायत समितियों में होगा मतदान

तीसरे चरण के तहत सवाई माधोपुर जिले की चार पंचायत समितियों में मतदान कराया जाएगा। इनमें बामनवास, बौंली, मलारना डूंगर और खण्डार पंचायत समिति शामिल हैं। इन चारों पंचायत समिति क्षेत्रों की 145 ग्राम पंचायतों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए चुनावी मुकाबला हो रहा है।जिले में जिला परिषद की 16 सीटों और पंचायत समिति की 82 सीटों के लिए मतदान निर्धारित है।

इसके लिए निर्वाचन क्षेत्रों में प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। प्रत्याशियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन मांगा है। अब चुनाव प्रचार और राजनीतिक गतिविधियों के बाद मतदाताओं की बारी है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रतिनिधियों का चयन करें।

4 लाख 35 हजार से अधिक मतदाता करेंगे मतदान

तीसरे चरण के मतदान में मतदाताओं की भागीदारी भी खास रहने वाली है। जिले की चार पंचायत समितियों में कुल 4 लाख 35 हजार 677 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2 लाख 32 हजार 267 पुरुष मतदाता और 2 लाख 3 हजार 410 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 498 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं मतदान कार्मिकों को भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया निर्धारित समय पर शुरू हो सके। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा।

इस दौरान मतदाता अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान कर सकेंगे।

पंचायत समिति वार मतदाताओं का गणित अगर पंचायत समिति वार मतदाताओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो बामनवास पंचायत समिति में सबसे अधिक मतदाता हैं। बामनवास पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 156 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 70 हजार 898 पुरुष और 61 हजार 372 महिला मतदाताओं सहित कुल 1 लाख 32 हजार 270 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

वहीं मलारना डूंगर पंचायत समिति में 102 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी। यहां 45 हजार 106 पुरुष और 39 हजार 818 महिला मतदाताओं सहित कुल 84 हजार 924 मतदाता मतदान करेंगे। खण्डार पंचायत समिति में कुल 134 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 63 हजार 232 पुरुष और 55 हजार 679 महिला मतदाताओं सहित कुल 1 लाख 18 हजार 911 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

इसी तरह बौंली पंचायत समिति में 106 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। यहां 53 हजार 31 पुरुष और 46 हजार 541 महिला मतदाताओं सहित कुल 99 हजार 572 मतदाता मतदान करेंगे। इस तरह चारों पंचायत समितियों में कुल 498 मतदान केंद्रों पर 4 लाख 35 हजार 677 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।

प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला

तीसरे चरण के पंचायत चुनाव में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए कई प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिले में जिला परिषद के 31 वार्डों के लिए कुल 90 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं पंचायत समिति सदस्य के 80 निर्वाचन क्षेत्रों में 245 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। पंचायत समिति वार आंकड़ों पर नजर डालें तो बामनवास के 23 वार्डों में 70 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

बौंली पंचायत समिति के 19 वार्डों में 67 प्रत्याशी मैदान में हैं। खण्डार पंचायत समिति के 23 वार्डों में 67 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। वहीं मलारना डूंगर पंचायत समिति के 15 वार्डों में 41 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मलारना डूंगर पंचायत समिति के वार्ड संख्या 10 और 11 में पंचायत समिति सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं।

अब शेष निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता अपने मताधिकार के जरिए प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।

पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना भी पुलिस प्रशासन के सामने अहम जिम्मेदारी है। इसके लिए सवाई माधोपुर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के अनुसार जिले में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों को चिह्नित किया गया है। विशेष रूप से 68 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर एक चार के हथियारबंद पुलिस जाब्ते की तैनाती की जाएगी इसके अलावा पुलिस अधिकारियों और जोनल मजिस्ट्रेट को लगातार मतदान केंद्रों का दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता रिजर्व में रखा गया है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर संबंधित क्षेत्र में भेजा जा सकेगा। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना और मतदाताओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाना है।

होल्ड बाइट-2: ज्येष्ठा मैत्रेयी, पुलिस अधीक्षक, सवाई माधोपुर।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि तीसरे चरण के मतदान को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद चुनाव सामग्री उपलब्ध करवाकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया है। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन की ओर से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

आगे का चुनाव कार्यक्रम तीसरे चरण के मतदान के बाद भी पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया जारी रहेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा। वहीं जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर और उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवंबर को होगा। पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए 27 नवंबर और उपप्रधान पद के लिए 28 नवंबर को चुनाव कराया जाएगा। इस तरह पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में पूरी होगी और ग्रामीण क्षेत्रों को नए जनप्रतिनिधि मिलेंगे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।