सावन के अंतिम सोमवार पर हर-हर महादेव से गूंज उठी काशी

सावन के चौथे व अंतिम सोमवार को काशी हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों भक्त रविवार रात से ही गंगा स्नान कर कतार में लग गए, जबकि कांवरिए बोल बम का जयघोष करते बाबा के दरबार की ओर बढ़ते रहे।
भीड़ को देखते हुए धाम में जिग-जैग बैरिकेडिंग, छाया, पेयजल, मेडिकल कैंप और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था की गई। रात्रि में भोग-श्रृंगार आरती से पूर्व बाबा की रजत चल प्रतिमा गर्भगृह में विराजमान कर भव्य श्रृंगार किया जाएगा। आरती के बाद श्रद्धालु बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन करेंगे।