देश

सायला में 60.57 करोड़ की सड़कों का शिलान्यास

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सायला में 60.57 करोड़ की सड़कों का शिलान्यास

सांसद लुम्बाराम चौधरी और मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने किया भूमि पूजन, ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर होगी आवागमन सुविधा

सायला, 2 अक्टूबर। जालोर जिले के सायला ब्लॉक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 60 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 40 नई सड़कों का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया गया। जालोर-सिरोही सांसद लुम्बाराम चौधरी और राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने विधिवत पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों की शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। नई सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और लोगों के आवागमन में सुविधा होगी।

सांसद लुम्बाराम चौधरी ने कहा कि सड़कें ग्रामीण विकास की आधारभूत आवश्यकता हैं। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में भी सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में सायला एसडीएम सूरजभान विश्नोई, महेंद्र मेघवाल, नगर पालिका अध्यक्ष मोहनलाल मेघवाल, उपाध्यक्ष मांगीलाल फलामुथा, गजेंद्र सिंह सिसोदिया, दीप सिंह धनानी, नैनमल लखारा, राजेंद्र माहेश्वरी, भवानी सिंह बाकरा, मंगल सिंह सिराणा और केराराम चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। 40 सड़कों के निर्माण कार्य शुरू होने से सायला ब्लॉक के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने तथा स्थानीय आवागमन को सुगम बनाने की उम्मीद है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।