सेमीकंडक्टर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएगा मध्यप्रदेश: CM डॉ. यादव
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई गति देने के लिए मध्यप्रदेश अग्रणी भूमिका निभाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य में अत्याधुनिक तकनीक, निवेश और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है, ताकि मध्यप्रदेश देश के उभरते सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का महत्वपूर्ण केंद्र बन सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर तकनीक भारत के आत्मनिर्भर और विकसित भविष्य की आधारशिला है और मध्यप्रदेश भी देश में हो रहे तकनीकी बदलावों में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। उन्होंने बताया कि सेमीकंडक्टर इंडिया प्रोग्राम 2.0 में मध्यप्रदेश अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है। केंद्र सरकार द्वारा छह राज्यों में 12 सेमीकंडक्टर परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने के बाद इस क्षेत्र में देश की गति तेज हुई है।
मध्यप्रदेश अपनी नीतिगत पहल, निवेश-अनुकूल वातावरण और औद्योगिक क्षमता के जरिए इस राष्ट्रीय अभियान को नई ऊंचाई देने की दिशा में काम कर रहा है। इसी कड़ी में इंदौर में 23 और 24 अक्टूबर को ‘एमपी सेमीकंडक्टर समिट-2026’ आयोजित किया जाएगा। समिट में देश-विदेश के निवेशक, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति-निर्माता शामिल होंगे और प्रदेश में मजबूत सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम, निवेश, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं पर मंथन करेंगे।