राज्य

सेना की वीर नारियों एवं सैन्य परिवार कल्याण दिवस के उपलक्ष्य में निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर

लेखक: AIR Bhopal अंतिम अपडेट: 23 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सेना की वीर नारियों एवं सैन्य परिवार कल्याण दिवस के उपलक्ष्य में निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर

शिविर का उद्देश्य वीर नारियों, वीर माताओं एवं सैनिकों की पत्नियों को आयुर्वेद पद्धति के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश शुक्ला एवं अधीक्षक डॉ. हरि प्रकाश शर्मा के निर्देशन में चिकित्सा शिविर का संचालन किया गया।

डॉ. भारती दादलानी ने विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए लाभार्थियों का आयुर्वेद पद्धति से स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।

कार्यक्रम में ब्रिगेडियर श्रीनिवासन, कमांडेंट, मिलिट्री अस्पताल भोपाल एवं कर्नल सनी जुनेजा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर वीर नारियों, वीर माताओं एवं सैनिकों की पत्नियों ने शिविर में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया। शिविर में निःशुल्क रक्त शर्करा (शुगर) की जाँच की गई तथा आवश्यकता के अनुसार लाभार्थियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण भी किया गया।

साथ ही लाभार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार एवं उचित दिनचर्या के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। शिविर में पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान के रोग निदान एवं विकृति विज्ञान विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता की।

स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य परीक्षण, रोगियों के मूल्यांकन एवं चिकित्सा कार्य में चिकित्सकों को सहयोग प्रदान किया तथा लाभार्थियों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का व्यवस्थित रूप से आकलन किया।

शिविर के दौरान रोगों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य संवर्धन के साथ-साथ आयुर्वेदिक जीवनशैली, संतुलित आहार, उचित दिनचर्या एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपायों के संबंध में भी जागरूक किया गया।

पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान सदैव इस प्रकार के जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। ऐसे कार्यक्रम संस्थान की सामाजिक प्रतिबद्धता एवं आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के प्रति समर्पण को दर्शाते हैं।

A
AIR Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।