राजनीति

सेवा ज्योति यात्रा में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने दिलाया विकसित भारत का संकल्प, 2047 के लक्ष्य में योगदान का किया आह्वान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 7 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सेवा ज्योति यात्रा में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने दिलाया विकसित भारत का संकल्प, 2047 के लक्ष्य में योगदान का किया आह्वान

भोपाल, 7 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के अभिनंदन के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को सेवा ज्योति संकल्प दिवस मनाया गया। इस अवसर पर रीवा जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों के नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्राएं निकाली गईं। मुख्य समारोह टीआरएस कॉलेज के एनसीसी मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने उपस्थित लोगों को विकसित भारत के संकल्प की शपथ दिलाई।

फोटो
फोटो
फोटो
फोटो

समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जनता का विश्वास और आशीर्वाद उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने देशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने उन्हें लगातार 25 वर्षों तक जनसेवा का अवसर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके लिए जनता ईश्वर का रूप है और पिछले 25 वर्षों की जनसेवा का अनुभव उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।

फोटो
फोटो

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता के विश्वास ने उन्हें बड़े संकटों में धैर्य रखने और कठिन परिस्थितियों में दिन-रात देश की सेवा करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन देश के विकास के संकल्पों को नई ऊर्जा देने का अवसर है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने, भारत को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने, ओलंपिक खेलों की मेजबानी, देश को ग्लोबल हब बनाने और चंद्रमा पर भारतीय के कदम रखने जैसे संकल्पों का भी उन्होंने उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया एक भारतीय पायलट की बहादुरी की चर्चा कर रही है। उन्होंने कहा कि एक दिन ऐसा भी आएगा जब पूरी दुनिया मेड इन इंडिया एरोप्लेन की चर्चा करेगी। उन्होंने युवाओं को विकसित भारत के निर्माण का प्रमुख आधार बताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी ही विकसित भारत के सपने को साकार करेगी।

समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने प्रेरक उद्बोधन के माध्यम से देश की दिशा और विकास के बड़े संकल्पों को सामने रखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आज जिस ऊंचाई पर पहुंचा है, उसकी पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और विश्वगुरु बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना होगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए उन्हें विकसित भारत के संकल्प की शपथ दिलाई।

राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की अनवरत जनसेवा के अभिनंदन का अवसर है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम, गैस, रक्षा क्षेत्र और खाद निर्माण में आत्मनिर्भरता विकसित भारत के लक्ष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश के विकास का पूरा लाभ युवा पीढ़ी को मिलेगा।

जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया तथा सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और सेवा ज्योति कार्यक्रम पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में विधायक गुढ़ नागेंद्र सिंह, विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह, विधायक मनगवां नरेंद्र प्रजापति, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, कमिश्नर शीलेंद्र सिंह, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सृष्टि देशमुख गौड़ा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।