राज्य

सेवा संकल्प अभियान में सामूहिक योगाभ्यास, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने दिया स्वस्थ जीवन और विकसित भारत का संदेश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सेवा संकल्प अभियान में सामूहिक योगाभ्यास, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने दिया स्वस्थ जीवन और विकसित भारत का संदेश

2047 तक भारत को नई ऊंचाई पर ले जाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण: राजेंद्र शुक्ल

भोपाल, 27 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की कड़ी में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रीवा में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ स्वयं योगाभ्यास किया।

फोटो
फोटो

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य केवल बातों से नहीं, बल्कि नियमित संकल्प और प्रयास से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने नियमित योग, प्राणायाम, व्यायाम और संतुलित खान-पान को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को आज दुनिया के विभिन्न देशों में स्वीकार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘बचाव इलाज से बेहतर है’ के सिद्धांत को अपनाते हुए स्वस्थ जीवनशैली पर ध्यान देना जरूरी है। उप मुख्यमंत्री ने नागरिकों से नियमित योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आवास योजना, आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छता अभियान तथा सड़क, रेलवे और हवाई अड्डों के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए ‘मेड इन इंडिया’ के तहत सेमीकंडक्टर निर्माण के तीन बड़े प्लांट शुरू हो चुके हैं और चार अन्य पर काम चल रहा है।

बाणसागर परियोजना का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना को पूरा होने में 35 वर्ष लगे। यदि यह परियोजना समय पर पूरी हो जाती तो विंध्य क्षेत्र में विकास के कई कार्य पहले ही गति पकड़ सकते थे।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं और बच्चों में देश के भविष्य को लेकर स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को नई ऊंचाई पर ले जाने और उसे बनाए रखने के लिए युवाओं का शिक्षित, जागरूक, संस्कारित और देश के प्रति समर्पित होना आवश्यक है।

उप मुख्यमंत्री ने नागरिकों से रक्तदान के लिए भी आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्तियों को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, ताकि आपात स्थिति और प्रसव के समय जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित एथलेटिक्स, फुटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और टीमों को उप मुख्यमंत्री ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन और टीम भावना का भी विकास होता है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, संभागीय खेल अधिकारी एम.के. धौलपुरी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।