राज्य

सेवा से संकल्प अभियान की तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करें : संभागायुक्त श्री शर्मा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सेवा से संकल्प अभियान की तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करें : संभागायुक्त श्री शर्मा

कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संबंधित जिलों एवं विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। संभागायुक्त श्री शर्मा ने बुधवार को कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए।

बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व श्रीमती भारती देवी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त श्री शर्मा ने धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को चयनित ग्रामों में योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन एक माह के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, जिससे भोपाल संभाग प्रदेश का प्रथम संभाग बन सके। उल्लेखनीय है कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान भारत सरकार द्वारा जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए प्रारंभ किया गया व्यापक मिशन है।

अभियान के अंतर्गत भोपाल संभाग के कुल 277 ग्रामों का चयन किया गया है। इनमें भोपाल जिले का एक, विदिशा के 86, सीहोर के 80, रायसेन के 92 तथा राजगढ़ जिले के 18 ग्राम शामिल हैं। अभियान में 17 विभागों की विभिन्न योजनाओं को सम्मिलित किया गया है।

संभागायुक्त श्री शर्मा ने कहा कि विभिन्न विभागों की योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन कर चयनित जनजातीय ग्रामों में सड़क, पक्के आवास, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमियों को दूर किया जाए। प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित किया जाए।

किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन एवं मत्स्यपालन योजनाओं से जोड़ने के साथ ही जनजातीय युवाओं और महिलाओं की आजीविका बढ़ाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।