राज्य

सेवा संकल्प अभियान में वृद्धाश्रम पहुंचे उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, बुजुर्गों का किया सम्मान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 18 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सेवा संकल्प अभियान में वृद्धाश्रम पहुंचे उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, बुजुर्गों का किया सम्मान

उप मुख्यमंत्री ने कहा—सेवाभाव से हो रही बुजुर्गों की देखभाल, वृद्धाश्रम में मिल रही घर जैसी सुविधाएं

रीवा, 18 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुक्रवार को स्वागत भवन स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों का सम्मान किया और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों से बातचीत कर वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पारिवारिक परिस्थितियों अथवा अन्य कारणों से घर से दूर हुए वृद्धजनों को वृद्धाश्रम में आश्रय दिया गया है। यहां उन्हें घर जैसा वातावरण, नि:शुल्क भोजन, रहने की सुविधा, चाय-नाश्ता और उपचार की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के पहले दिन रक्तदान के माध्यम से पीड़ित मानवता की सेवा का संदेश दिया गया और अब बुजुर्गों की सेवा एवं सम्मान के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी निभाई जा रही है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद वर्ग के कल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार सेवा कार्यों में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपनी सेवा तो सभी करते हैं, लेकिन परमार्थ के कार्यों से मिलने वाला संतोष अलग होता है।

उन्होंने बताया कि वृद्धाश्रम में रह रहे छह बुजुर्गों ने मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए देहदान का संकल्प लिया है। इन बुजुर्गों को पूर्व में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दधीचि सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वागत भवन में वृद्धाश्रम की शुरुआत रीवा के तत्कालीन कमिश्नर डॉ. रवीन्द्र पस्तौर के विशेष प्रयासों से हुई थी। उन्होंने कहा कि यहां बुजुर्गों की सेवाभाव से देखभाल की जा रही है। भारतीय रेडक्रॉस समिति के सदस्यों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा भी वृद्धजनों की सेवा में योगदान दिया जा रहा है।

संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे ने बताया कि यह वृद्धाश्रम वर्ष 2010 से संचालित है और यहां 25 बुजुर्गों के रहने की व्यवस्था है। वर्तमान में वृद्धाश्रम में 19 बुजुर्ग रह रहे हैं।

कार्यक्रम में एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी, रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, सचिव राजेन्द्र पाण्डेय और एके खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।