सेवा सेतु अभियान के तहत 3 और 4 अक्टूबर को लगेंगे सेवा शिविर, उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने की अभियान की समीक्षा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने तैयारियों की समीक्षा की, पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिलेंगी योजनाओं की सेवाएं
भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में प्रदेशव्यापी ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ की तैयारियों और गतिविधियों की समीक्षा की। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अभियान के तहत 3 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर ग्रामीण क्षेत्रों में और 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक सेवा शिविर लगाए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को नागरिकों के और करीब पहुंचाना है, ताकि लोगों को विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविरों में पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ और आवश्यक सेवाएं मौके पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
सेवा शिविरों में राजस्व विभाग की सेवाओं के साथ विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। इनमें स्वामित्व योजना, फार्मर आईडी, अविवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन, आय एवं स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, संबल, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, छात्रवृत्ति, महिला एवं बाल विकास की योजनाओं के साथ स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
प्रत्येक सेवा सेतु शिविर में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया जाएगा। इसके साथ केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, ताकि नागरिकों को योजनाओं और उनकी पात्रता की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सके।
शिविरों में आने वाले हितग्राहियों के पंजीयन के लिए अलग स्टॉल की व्यवस्था की जाएगी और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। पहले से योजनाओं का लाभ ले रहे हितग्राहियों के साथ शेष पात्र हितग्राहियों को भी चिन्हित कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार लाभ दिलाने पर जोर रहेगा। शिविरों के दौरान प्राप्त शिकायतों और लंबित प्रकरणों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंड स्तर पर तथा नगरीय क्षेत्रों में नगर निगम के जोन और नगर पालिका एवं नगर परिषद स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के लिए ऐसे सार्वजनिक और सुगम स्थानों का चयन किया जाएगा, जहां नागरिकों के लिए पर्याप्त स्थान, पेयजल, छाया और आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो।
बैठक में अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, नगर आपूर्ति निगम के अध्यक्ष डॉ. केपी यादव, पूर्व सांसद भोपाल आलोक संजर, विंध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार तीर्थवानी सहित अपर मुख्य सचिव दीपाली रस्तोगी, ई. रमेश कुमार और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।