राज्य

सेवा सेतु अभियान के तहत पांच विकासखंडों में सात दिवसीय विशेष शिविरों का आयोजन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सेवा सेतु अभियान के तहत पांच विकासखंडों में सात दिवसीय विशेष शिविरों का आयोजन

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशानुसार जनपद कानपुर देहात में आमजन तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को सरल, सुगम एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा सेतु अभियान के तहत विकासखंड डेरापुर, संदलपुर, राजपुर, अमरौधा एवं मलासा में सात दिवसीय विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर नागरिकों को विभागीय योजनाओं, पात्रता मानकों, आवश्यक अभिलेखों तथा आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

साथ ही नागरिकों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्यवाही भी की गई।शिविरों में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, चेक एवं अन्य लाभ संबंधी दस्तावेज वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त पात्र दिव्यांगजन लाभार्थियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य मेलों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा आमजन का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं, टीकाकरण, पोषण एवं विभिन्न रोगों की रोकथाम के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से करियर काउंसलिंग एवं रोजगार कैंपों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, रुचि एवं कौशल के अनुरूप रोजगार, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए ऑन-द-स्पॉट आवेदन एवं पात्रता सत्यापन की व्यवस्था की गई है।

संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आवेदनों को प्राप्त कर आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन कर रहे हैं तथा पात्र पाए गए आवेदनों पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।शासन की सेवाएं एवं सुविधाएं उनके निकट उपलब्ध कराकर प्रशासन द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्रवाई निरंतर जारी है।अभियान का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाओं एवं योजनाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराना, आमजन को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना, आवेदन एवं पात्रता सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाना तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं से जोड़ना है।

शिविरों के दौरान नुक्कड़ नाटक दलों द्वारा भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई।

शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, लाभार्थीगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित होकर अभियान का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।