सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी गठित करने के निर्देश
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री राकेश अग्रवाल की हत्या के प्रकरण में निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल इस मामले की जांच भोपाल पुलिस द्वारा की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से बुधवार शाम समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास में मध्यप्रदेश आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि गत 30 सितंबर को भोपाल में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए। एसोसिएशन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इस घटना से संपूर्ण प्रशासनिक समुदाय और समाज में गहरी चिंता व्याप्त है।
प्रतिनिधिमंडल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई। मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में मध्यप्रदेश आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव श्री मनु श्रीवास्तव तथा आईएएस अधिकारी श्री वीएस चौधरी कोलसानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने प्रकरण की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए, ताकि मामले की जांच निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से की जा सके।